अध्याय – 075 अष्टमी तिथि के व्रत
अध्याय – 075
अष्टमी तिथि के व्रत
इस तिथिको उपवास करनेसे मनुष्य सात जन्मों के किये हुए पापों से मुक्त हो जाता हैं | यह भोग और मोक्ष प्रदान करनेवाला हैं |
अग्निदेव कहते हैं – वसिष्ठ ! अब मैं अष्टमी को किये जानेवाले व्रतों का वर्णन करूँगा | उनमें पहला रोहिणी नक्षत्रयुक्त अष्टमी का व्रत है | भाद्रपद मास के कृष्णपक्ष की रोहिणी नक्षत्र से युक्त अष्टमी तिथिको ही अर्धरात्रि के समय भगवान् श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ था, इसलिये इसी अष्टमी को उनकी जयंती मनायी जाती है | |१-२||
अतएव भाद्रपद के कृष्णपक्ष की रोहिणी नक्षत्रयुक्त अष्टमी को उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करना चाहिये | |३||
पूजनकी विधि इसप्रकार है –
आवाहन-मन्त्र और नमस्कार
आवाहयाम्यहं कृष्णं बलभद्रं च देवकीम |
वसुदेवं यशोदां गा: पूजयामि नमोऽस्तु ते ||
योगाय योगपतये योगेसहाय नमो नम: |
योगादिसम्भवायैव गोविन्दाय नमो नम: ||
‘मैं श्रीकृष्ण, बलभद्र, देवकी, वसुदेव, य्शोदादेवी और गौओं का आवाहन एवं पूजन करता हूँ; आप सबको नमस्कार है | योगके आदिकारण, उत्पत्तिस्थान श्रीगोविंद के लिये बारंबार नमस्कार है’ ||४-५||
तदनंतर भगवान् श्रीकृष्ण को स्नान कराये और इस मंत्रसे उन्हें अर्घ्यदान करे –
यज्ञेश्वराय यज्ञाय यज्ञानां पतये नम: ||
यज्ञादिसम्भवायैव गोविन्दाय नमो नम : |
‘यज्ञेश्वर, यज्ञस्वरूप, यज्ञों के अधिपति एवं यज्ञ के आदि कारण श्रीगोविंद को बारंबार नमस्कार है |’
पुष्प-धुप
गृहाण देव पुष्पाणि सुगन्धिनि प्रियाणि ते ||
सर्वकामप्रदो देव भव में देववंदित |
धूपधूपित धूपं त्वं धुपितैस्त्वं गृहाण में ||
सुगन्धिधुपगन्धाढयं कुरु मां सर्वदा हरे |
‘देव ! आपके प्रिय ये सुगन्धयुक्त पुष्प ग्रहण कीजिये | देवताओंद्वारा पूजित भगवन ! मेरी सारी कामनाएँ सिद्ध कीजिये | आप धूप से सदा धूपित हैं, मेरे द्वारा अर्पित धूप-दान से आप धूप की सुगन्ध ग्रहण कीजिये | श्रीहरे ! मुझे सदा सुगन्धित पुष्पों, धूप एवं गंधसे सम्पन्न कीजिये |’
दीप-दान
दीपदीप्त महादीपं दीपदीप्तिद सर्वदा ||
मया दत्तं गृहाण त्वं कुरु चोर्ध्वगतिं च माम |
विश्वाय विश्वपतये विश्वेशाय नमो नम: ||
विश्वादिसम्भवायैव गोविन्दाय निवेदितम |
‘प्रभो ! आप सर्वदा समान देदीप्यमान एवं दीप को दीप्ति प्रदान करनेवाले हैं | मेरे द्वारा दिया गया यह महादीप ग्रहण कीजिये और मुझे भी (दीप के समान) ऊर्ध्वगति से युक्त कीजिये | विश्वरूप, विश्वपति, विश्वेश्वर, श्रीकृष्ण के लिये नमस्कार है, नमस्कार है | विश्वके आदिकारण श्रीगोविन्द को मैं यह दीप निवेदन करता हूँ | ‘
शयन – मन्त्र
धर्माय धर्मपतये धर्मेशाय नमो नम: ||
धर्मादिसम्भवायैव गोविन्द शयनं कुरु |
सर्वाय सर्वपतये सर्वेशाय नमो नम : ||
सर्वादिसम्भवायैव गोविन्दाय नमो नम: |
‘धर्मस्वरूप, धर्म के अधिपति, धर्मेश्वर एवं धर्म के आदिस्थान श्रीवासुदेव को नमस्कार है | गोविन्द ! अब शाप शयन कीजिये | सर्वरूप, सबके अधिपति, सर्वेश्वर, सबके आदिकारण श्रीगोविंद को बारंबार नमस्कार हैं |’
तदनन्तर रोहिणीसहित चन्द्रमाको निम्नालिखित मन्त्र पढ़कर अर्घ्यदान दे –
क्षीरोदार्णवसम्भुत अत्रिनेत्रसमुद्धव ||
गृहाणार्घ्य शशाक्केदं रोहिण्या सहितो मम ||
‘क्षीरसमुद्र से प्रकट एवं अत्रि के नेत्र से उद्भूत तेज:स्वरुप शशांक ! रोहिणी के साथ मेरा अर्घ्य स्वीकार कीजिये |’
फिर भगवद्विग्रह को वेदिकापर स्थापित करे और चंद्रमासहित रोहिणी का पूजन करे | तदनंतर अर्धरात्रि के समय वसुदेव, देवकी, नन्द-यशोदा और बलराम का गुड़ और घृतमिश्रित दुग्ध- धारासे अभिषेक करे ||६-१५||
तत्पश्च्यात व्रत करनेवाला मनुष्य ब्राह्मणों को भोजन करावे और दक्षिणा में उन्हें वस्त्र और सुवर्ण आदि दे | जन्माष्टमी का व्रत करनेवाला पुत्रयुक्त होकर विष्णुलोक का भागी होता है | जो मनुष्य पुत्रप्राप्ति की इच्छासे प्रतिवर्ष इस व्रत का अनुष्ठान करता है, वह ‘पुम’ नामक नरक के भय से मुक्त हो जाता है | (सकाम व्रत करनेवाला भगवान् गोविन्द से प्रार्थना करे ) ‘प्रभो ! मुझे धन, पुत्र, आयु, आरोग्य और संतति दीजिये | गोविन्द ! मुझे धर्म, काम, सौभाग्य, स्वर्ग और मोक्ष प्रदान कीजिये’ ||१६-१८||
इसप्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘अष्टमी के व्रतों का वर्णन’ नामक पञ्चहत्तरवाँ अध्याय पूरा हुआ || ७५ ||
Comments
Post a Comment